डीएनबी भारत डेस्क
एनटीपीसी बरौनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को प्लांट परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई।

इसके बाद परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाया। समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को नमन किया। इस पावन अवसर पर उन्होंने कहा कि हम सभी उन महापुरुषों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हैं, जिनके कारण हमें स्वतंत्र भारत में जीने का अधिकार मिला।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला अवसर बताते हुए कहा कि यह दिन हमारे लिए गौरव, सम्मान और राष्ट्रीय अभिमान का प्रतीक है। एनटीपीसी की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि एनटीपीसी लिमिटेड की स्थापना 7 नवंबर 1975 को देश की बढ़ती विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से हुई थी।
शून्य से शुरू हुई एनटीपीसी की यात्रा आज निरंतर प्रयासों और उत्कृष्ट कार्यों के बल पर कोयला, गैस, जल, सौर और पवन ऊर्जा आधारित परियोजनाओं को मिलाकर 91 गीगावॉट से अधिक की स्थापित क्षमता तक पहुंच चुकी है। कंपनी ने वर्ष 2032 तक 149 गीगावॉट की स्थापित क्षमता प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है, जिसमें लगभग 60 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा से होगी।
समारोह के दौरान बाल भवन के बच्चों ने लघु सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को एचओपी मेरिटोरियस पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान गुब्बारे छोड़े गए और अंत में उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ समारोह का समापन किया।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट