डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय। माननीय मुख्यमंत्री का बेगूसराय आगमन बेगूसराय के लिए अभूतपूर्व रहा।दिनकर विश्वविद्यालय की घोषणा, सिमरिया औटा पुल का नाम दिनकर जी के नाम पर, सिमरिया में मरीन ड्राइव, कुशमहौत में नया इंडस्ट्रियल हब और एयर स्ट्रिप जैसी ऐतिहासिक सौगातें बेगूसराय के विकास को नई दिशा देने वाली हैं। उपरोक्त बाते केंद्रीय मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री के द्वारा बेगूसराय को विशेष सौगात देने के बाद कही।

गिरिराज सिंह ने कहा किबेगूसराय केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकार के दिल में रहता है, इसलिए सम्पूर्ण बिहार में सबसे ज़्यादा विकास वाला जिला बेगूसराय है।इन सभी ऐतिहासिक सौगातों के लिए बेगूसराय सांसद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी का बेगूसराय वासियों की तरफ़ से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का बेगूसराय दौरा जिले के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। जनसंवाद कार्यक्रम में की गई घोषणाएँ केवल विकास योजनाएँ नहीं, बल्कि बेगूसराय के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। माननीय मुख्यमंत्री के घोषणा के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपनी भावनाओं को नहीं रोक पाए और एक आम कार्यकर्ता की तरह मंच से माइक उठाकर सम्राट चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाए। गिरिराज सिंह के माइक पकड़ते ही पूरा पंडाल सम्राट चौधरी जिंदाबाद के नारो से गूंज उठा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय हमेशा केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार, दोनों की विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है कि आज बेगूसराय पूरे बिहार में सर्वाधिक विकास करने वाले जिलों में अग्रणी बनकर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, रोजगार, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। विशेष रूप से औद्योगिक हब और एयर स्ट्रिप जैसी परियोजनाएँ निवेश को आकर्षित करेंगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय की जनता मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की इन ऐतिहासिक घोषणाओं को सदैव याद रखेगी।
गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बेगूसराय की जनता की ओर से पुनः धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बेगूसराय विकास, उद्योग, शिक्षा और आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पूरे बिहार के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा।
डीएनबी भारत डेस्क