डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा, बेगूसराय। दिनांक 15 जुलाई को माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा पूरे बिहार में नवस्थापित 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बेगूसराय जिले के 10 प्रखंड स्तरीय राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत हुई।

तेघड़ा विधानसभा के विधायक श्री रजनीश कुमार ने कहा कि तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के बजलपुरा में अनुमंडल स्तरीय राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना पूर्व में ही हो चुकी है, लेकिन अब तक यहां शैक्षणिक सत्र प्रारंभ नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक श्री रजनीश कुमार ने बताया कि आज उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन से दूरभाष पर वार्ता कर बजलपुरा स्थित अनुमंडल स्तरीय राजकीय डिग्री महाविद्यालय में यथाशीघ्र शैक्षणिक सत्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सचिव ने मामले पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है।
श्री कुमार ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि विभाग शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करेगा, जिससे तेघड़ा अनुमंडल एवं आसपास के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि तेघड़ा विधानसभा के युवाओं के हितों की रक्षा तथा क्षेत्र में शिक्षा के समुचित विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
डीएनबी भारत डेस्क