डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कानू बिशनपुर पंचायत स्थित 24 अवतार धाम चकोटी मठ में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर में स्थापित रामलला की करोड़ों रुपये मूल्य की अष्टधातु मूर्ति को निशाना बनाते हुए चोर मुकुट, धनुष-बाण समेत अन्य आभूषण चोरी कर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि 24 जून को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब ग्रामीणों को मंदिर की दान पेटी बगल के खेत में पड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने मंदिर के पुजारी को सूचना दी।पुजारी जब मंदिर पहुंचे तो देखा कि रामलला की मूर्ति से मुकुट, धनुष-बाण और अन्य आभूषण गायब हैं। वहीं चोर मंदिर में रखा साउंड बॉक्स भी ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसे ले जाने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटित और प्राण-प्रतिष्ठित मंदिर भी सुरक्षित नहीं है, तो अन्य मंदिरों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।घटना की जानकारी देते हुए मंदिर के पुजारी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की तलाश की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट