डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने एक युवक को सड़क पर घसीट-घसीटकर बेरहमी से पीटा।

घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोग जब पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करने लगे, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी कथित रूप से धमकाना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वीडियो बना रही एक महिला को खुलेआम 5 साल के लिए जेल भेज देने की धमकी दी गई।इतना ही नहीं, महिला का मोबाइल छीनने की भी कथित कोशिश की गई ताकि घटना का वीडियो रिकॉर्ड न हो सके।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो की सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की स्वतंत्र पुष्टि अभी शेष है।यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला कानून व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट