डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है जहाँ 1 महीने से लापता 14 वर्षीय किशोर ईशांत कुमार उर्फ छोटू की हत्या के मामले में नया और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोहिउद्दीन नगर के कल्याण चौक इलाके में करीब 12 फीट गहरे गड्ढे से किशोर का शव बरामद किया।

आरोप है कि हत्या के बाद शव को कई परतों वाली प्लास्टिक में लपेटकर बिजली के खंभे लगाने वाली पाइलिंग मशीन से गहरे गड्ढे में दफना दिया गया था।शव बरामद होने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीधे आरोपी के घर पहुंच गए, जहां करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मृतक की पहचान विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के बंगराहा गांव निवासी रामप्रीत यादव के 14 वर्षीय पुत्र ईशांत कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से रिमांड पर पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर यह बरामदगी हुई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह तथा इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक, आक्रोश और न्याय की मांग तेज हो गई है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट