डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित सपना हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक नवजात शिशु की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने नवजात के शव को अस्पताल परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मृत नवजात के पिता कुंदन कुमार, जो चकमहेशी थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड-4 के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी अनु कुमारी को प्रसव के लिए सपना हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद समस्तीपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिला। उनका यह भी कहना है कि हंगामे के दौरान डॉक्टर और अस्पताल के अन्य कर्मी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। वहीं, परिजनों ने अस्पताल संचालक पर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी जाएगी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रहे हैं तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट