डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक बार फिर शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। बारात के स्वागत के दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति को दो गोलियां लग गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।घटना रिफाइनरी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव की है।

जानकारी के अनुसार हरपुर निवासी प्रवीण सिंह की बेटी की शादी थी और भागलपुर से बारात आई हुई थी। रविवार रात करीब 12 बजे बारात दरवाजे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान बाबा स्थान के पास भीड़ में अचानक फायरिंग होने लगी। फायरिंग के दौरान वहां मौजूद विपिन सिंह को दो गोलियां लग गईं। एक गोली कमर के पास और दूसरी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि पटाखे या बम के धमाके से कोई पत्थर लग गया है, लेकिन जब घायल को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उन्हें गोली लगी है।
इसके बाद परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। परिजनों ने घायल विपिन सिंह को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी। परिजनों ने बताया कि विपिन सिंह पहले हरपुर चौक पर पान और कोल्ड ड्रिंक की दुकान चलाते थे, लेकिन चोरी की घटनाओं के कारण दुकान बंद कर रिफाइनरी में मजदूरी करने लगे। उन्होंने किसी भी तरह की पुरानी दुश्मनी या विवाद से इनकार किया है।
घटना की सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाना पुलिस और सदर-2 डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति देर रात अस्पताल पहुंचीं और घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। अधिकारियों का कहना है कि शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है, जिससे फायरिंग करने वाले की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।
डीएनबी भारत डेस्क