बिहारशरीफ पहुंचे राजद मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव।लालू-राबड़ी की सुरक्षा में कटौती का आरोप। सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा-बिहारशरीफ के आईएमए हॉल में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तैयारियों का जायजा लेने राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव आईएमए हॉल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मीडिया से बातचीत में लालू प्रसाद यादव एवं राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को पहले जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त थी। आजीवन खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट होने के बावजूद उनकी सुरक्षा घटा दी गई है। उन्होंने कहा कि जेड सुरक्षा में करीब 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जबकि जेड प्लस सुरक्षा में लगभग 55 सुरक्षाकर्मी होते हैं।
उनका आरोप था कि सरकार ने जानबूझकर उनकी सुरक्षा में कटौती की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए। यदि सरकार विपक्षी नेताओं की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लेती, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए शक्ति सिंह यादव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सर्वोच्च सम्मान उसके उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर दिया जाता है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या बार-बार राजनीतिक पाला बदलने या बिहार को भारी कर्ज में डुबोने के लिए भारत रत्न दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने बिहार को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है और राज्य के संसाधनों की लूट हुई है। ऐसे में नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की बात पूरी तरह अनुचित है।
डीएनबी भारत डेस्क