दीपनगर में वृद्ध की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने पुत्रवधू के मायके वालों पर जताया हत्या का संदेह, जांच में जुटी पुलिस
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्रज्ञा इंटरप्राइजेज के पास पंचायत भवन के पीछे एक वृद्ध का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान जीतन महतो के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना मृतक के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुत्रवधू के मायके वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि पारिवारिक विवाद के कारण जीतन महतो की हत्या की गई है। उनका कहना है कि शव पर कई जगह चोट के निशान और रक्तस्राव के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
परिजनों के अनुसार, पुत्रवधू के मायके पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी को लेकर मृतक को पहले भी धमकियां मिली थीं। जिस स्थान पर शव बरामद हुआ है, वहां इन दिनों सरकारी योजना के तहत नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। सूचना मिलते ही सदर डीएसपी रामदुलार प्रसाद और दीपनगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
डीएनबी भारत डेस्क