बिहार बोर्ड इंटर एडमिशन: स्पॉट नामांकन की तिथि बढ़ी, अब 9 जुलाई तक ले सकेंगे दाखिला

DNB Bharat Desk

भगवानपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट कक्षा में स्पॉट एडमिशन की तिथि बढ़ा दी है। संयुक्त सचिव, ओएफएसएस द्वारा सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को जारी पत्र में कहा गया है कि छात्र हित को देखते हुए अब 9 जुलाई 2026 तक स्पॉट नामांकन लिया जाएगा। समिति ने पहले विज्ञप्ति संख्या 136/2026 के तहत 25 जून 2026 से 01 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन स्पॉट नामांकन लेने का निर्देश दिया था। सत्र 2026-2028 के लिए राज्य के इंटरस्तरीय शिक्षण संस्थानों में खाली सीटों पर यह नामांकन होना था।  

- Sponsored Ads-

नए निर्देश के अनुसार, सभी संबंधित शिक्षण संस्थान 9 जुलाई 2026 तक स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके बाद 10 जुलाई 2026 तक प्रत्येक नामांकित विद्यार्थी का नामांकन संसाधन OFSS पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट करना अनिवार्य होगा।

संयुक्त सचिव ने स्पष्ट किया है कि स्पॉट नामांकन से जुड़ी शेष सभी शर्तें समिति की पूर्व विज्ञप्ति संख्या 136/2026 के अनुसार यथावत रहेंगी। सभी डीईओ को इसे अति आवश्यक समझकर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। तिथि विस्तार से उन छात्रों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। अब वे 9 जुलाई तक सीधे संबंधित स्कूल-कॉलेज में जाकर स्पॉट एडमिशन ले सकेंगे।

Share This Article