समस्तीपुर: चलती ट्रेन से उतरी नर्सिंग छात्रा गिरी, आरपीएफ की तत्परता से बची जान

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर: ट्रेन संख्या 13211 जोगबनी–दानापुर एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक 19 वर्षीय युवती चलती ट्रेन से उतरने के क्रम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए युवती को प्राथमिक उपचार के लिए रेलवे अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

- Sponsored Ads-

घायल युवती की पहचान सुपौल जिले के करज बाजार निवासी चांदनी कुमारी (19 वर्ष) के रूप में हुई है। उसने स्वयं को बीएससी नर्सिंग की छात्रा बताया है। प्रारंभ में वह बेहोश थी, लेकिन इलाज के बाद उसे होश आ गया है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

समस्तीपुर: चलती ट्रेन से उतरी नर्सिंग छात्रा गिरी, आरपीएफ की तत्परता से बची जान 2घटना के दौरान युवती का बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसे बाद में हाजीपुर में सुरक्षित बरामद कर लिया गया। RPF के श्याम सुंदर कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया। मौके पर आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया तथा पी.के. चौधरी सहित अन्य रेलकर्मी भी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Share This Article