तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क

भगवानपुर|बेगूसराय तेयाय ओपी क्षेत्र के काजी रसलपुर गांव में शनिवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक गरीब परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से 35 वर्षीय पिंकी देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पांच बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

- Sponsored Ads-

जानकारी के अनुसार, काजी रसलपुर वार्ड संख्या 11 निवासी पिंकी देवी शनिवार शाम करीब छह बजे गांव स्थित चैती दुर्गा मंदिर के पास अतरुआ-तेघड़ा मार्ग पार कर गोबर लेकर मंदिर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेयाय की तरफ से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका के पति लव कुमार साह रोजी-रोटी कमाने के लिए हैदराबाद में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। पिंकी देवी अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि अन्य चार बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं।

तेयाय ओपी प्रभारी कुमारी निकिता भारती ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने बाइक और उस पर सवार चार नाबालिग लड़कों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की मौत होने के कारण आगे की कार्रवाई के लिए मामला ट्रैफिक पुलिस को सौंप दिया गया है।

पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को सांत्वना देते हुए सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट

Share This Article