डीएनबी भारत डेस्क
नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना की अधिसूचना संख्या-1187 दिनांक 02.04.2026, पत्रांक-188 दिनांक 03.04.2026 तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, बेगूसराय के पत्रांक-845 दिनांक 19.05.2026 के आलोक में नगर परिषद तेघड़ा की सशक्त स्थायी समिति निर्वाचन की प्रक्रिया शनिवार को अटल कलम भवन, तेघड़ा में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाची पदाधिकारी राकेश कुमार की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई।

निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 08:00 बजे से 10:00 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त किए गए। इसके उपरांत नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी की प्रक्रिया तथा अंतिम अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया गया। मतदान प्रारंभ होने से पूर्व सभी उपस्थित वार्ड पार्षदों एवं अभ्यर्थियों के समक्ष मतपेटी का निरीक्षण कर उसे खाली प्रदर्शित किया गया तथा विधिवत सीलबंद किया गया।
निर्धारित समयानुसार प्रातः 11:00 बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसमें कुल 27 वार्ड पार्षदों ने गोपनीय मतदान के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्ति के उपरांत तत्काल मतगणना की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
सशक्त स्थायी समिति-1 के निर्वाचन हेतु श्री रामशंकर कुमार एवं श्रीमती सीता देवी के द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। मतगणना के दौरान श्री रामशंकर कुमार को 14 मत तथा श्रीमती सीता देवी को 12 मत प्राप्त हुए। सर्वाधिक मत प्राप्त होने के कारण श्री रामशंकर कुमार को सशक्त स्थायी समिति-1 का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया।
इसी प्रकार सशक्त स्थायी समिति-2 के निर्वाचन हेतु श्री राहुल कुमार एवं श्री सौरभ कुमार मैदान में थे। मतगणना में श्री राहुल कुमार को 13 मत तथा श्री सौरभ कुमार को 14 मत प्राप्त हुए। सर्वाधिक मत प्राप्त होने के कारण श्री सौरभ कुमार को सशक्त स्थायी समिति-2 का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया।
वहीं सशक्त स्थायी समिति-3 के निर्वाचन हेतु श्री अशोक मिश्रा एवं श्री राम प्रवेश सिंह के द्वारा नामांकन किया गया था। मतगणना में श्री अशोक मिश्रा को 15 मत तथा श्री राम प्रवेश सिंह को 12 मत प्राप्त हुए। सर्वाधिक मत प्राप्त करने के कारण श्री अशोक मिश्रा को सशक्त स्थायी समिति-3 का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया।
मतगणना उपरांत निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया तथा नियमानुसार शपथ ग्रहण की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई।
निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा राकेश कुमार ने बताया कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत वातावरण में संपन्न हुई। निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या अथवा अप्रिय घटना नहीं हुई तथा सभी चरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।
डीएनबी भारत डेस्क