डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बथुआ बुजुर्ग गांव में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब ग्रामीणों ने Dial 112 की गश्ती टीम पर शराब के नशे में ड्यूटी करने का गंभीर आरोप लगाया।

ग्रामीणों का कहना है कि गश्ती के दौरान पहुंचे कुछ पुलिस पदाधिकारियों की हालत संदिग्ध लग रही थी और उनके व्यवहार से लोगों को नशे में होने का संदेह हुआ। ग्रामीणों के अनुसार जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और सवाल उठाए, तो पुलिस कर्मियों द्वारा धमकाने और दबाव बनाने की कोशिश की गई। घटना के बाद गांव में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
लोगों का कहना है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, ऐसे में यदि कानून की रक्षा करने वाले ही नियमों का उल्लंघन करते नजर आएं, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।मामले को लेकर ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रभारी एसडीपीओ 1 सह ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज ने कहा कि 112 पर तैनात कर्मी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है अगर जांच में शराब की पुष्टि होती है तो दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट