महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस,मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा उग्र
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आज समाहरणालय बेगूसराय के दक्षिणी द्वार स्थित हड़ताली चौक पर जिला कांग्रेस कमिटी के लोकप्रिय एवं संघर्षशील अध्यक्ष श्री शिव प्रकाश गरीब दास जी के नेतृत्व में जनहित के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक धरना में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसान-मजदूरों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं एवं आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
धरना स्थल जनसैलाब में तब्दील हो गया, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, किसानों की समस्याओं एवं बेगूसराय की लगातार हो रही उपेक्षा पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री शिव प्रकाश गरीब दास जी ने कहा कि आज देश और बिहार की जनता त्राहिमाम कर रही है। पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और नौकरीपेशा लोग महंगाई की मार से कराह रहे हैं, लेकिन सत्ता में बैठी सरकारें जनता की पीड़ा सुनने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि एक ओर देश के युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार की विफल नीतियों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली और पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। नीट पेपर लीक ने लाखों मेहनती छात्रों और उनके अभिभावकों के सपनों को तोड़ने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी इसकी उच्चस्तरीय जांच तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करती है। साथ ही बीपीएससी टीआरई-4 परीक्षा अविलंब आयोजित कर बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई।
धरना में किसानों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि आज किसान खाद, बीज और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, कालाबाजारी चरम पर है और सिंचाई के लिए बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने किसानों को उचित मूल्य पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने, सिंचाई हेतु मुफ्त बिजली देने तथा किसानों के सभी कर्ज माफ करने की मांग सरकार से की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेगूसराय जैसे महत्वपूर्ण जिले की लगातार उपेक्षा की जा रही है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए मेडिकल कॉलेज में अब तक पढ़ाई शुरू नहीं होना सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। धरना के माध्यम से सरकार से मांग की गई कि बेगूसराय मेडिकल कॉलेज में शीघ्र शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जाएं ताकि जिले एवं आसपास के गरीब विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिल सके।
धरना में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की धरती बेगूसराय में “दिनकर विश्वविद्यालय” की स्थापना तथा बेगूसराय को प्रमंडल घोषित करने की भी जोरदार मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐतिहासिक, शैक्षणिक, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होने के बावजूद बेगूसराय के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही जिले में संचालित बरौनी रिफाइनरी, खाद कारखाना एवं अन्य उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग करते हुए कहा गया कि बेगूसराय की धरती, संसाधन और उद्योग होने के बावजूद यहां के युवा बेरोजगारी की मार झेलने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के हक और अधिकार की लड़ाई कांग्रेस पार्टी मजबूती से लड़ती रहेगी।
धरना के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर जनभावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी गांव से लेकर सड़क और सदन तक चरणबद्ध आंदोलन को और उग्र करेगी।कार्यक्रम में उपस्थित बेगूसराय जिला कांग्रेस के प्रभारी अरविंद शर्मा ने कहा कि जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा तथा किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
तो वहीं जिला कांग्रेस के सहप्रभारी अरविंद लाल रजक व मिथिलेश निषाद ने भी उक्त धरना को जनहितकारी बताते हुए अपने मांगों को पूरा होने तक आंदोलन जारी रखने की बातों को दोहराया तथा आम जनता के हित के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा से संघर्षरत रही है तथा आगे भी रहेगी।
धरना कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रजनीकांत पाठक, नीरज कुमार निशांत कुमार,अनुपम कुमार अन्नु, हारून रशीद,सुबोध कुमार, राकेश कुमार ,नारायण सिंह, आर एन सिंह, खम्हार मुखिया अवनीश कुमार, नगर अध्यक्ष बृजेश कुमार प्रिंस,निगम पार्षद शगुफ्ता ताजवर, मंसूरचक प्रखंड अध्यक्ष बालेश्वर महतो, रामकुमार चौधरी,संजय चौधरी, यशवंत कुमार, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, ओबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राम स्वार्थ साह, रामाशीष सहनी,अजय सिंह, पैक्स अध्यक्ष राजेश कुशवाहा, अशोक यादव, आशुतोष कुमार रमन,पैक्स अध्यक्ष राहुल कुमार युवा अध्यक्ष राहुल कुमार एनएसयूआई अध्यक्ष राजा कुमार, मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार, माधव कुमार अंकित कुमार नीतीश कुमार आजाद कुमार सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारीगण, प्रखंड अध्यक्षगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित थे।
डीएनबी भारत डेस्क