डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के आधारपुर वार्ड संख्या-8 में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने घर के दरवाजे पर बैठे एक ही परिवार के तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान आधारपुर वार्ड-8 निवासी धर्मेंद्र कुमार राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र अपने माता-पिता के साथ घर के बाहर बैठे थे, तभी तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर उन पर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट