डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में गुरुवार को एक विवाहिता का शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका की पहचान जगदीशपुर गांव वार्ड संख्या-2 निवासी चंदन कुमार राय की 28 वर्षीय पत्नी सुलेखा कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि विवाहिता का शव गांव के एक कुएं से बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की एसआई प्रिया कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
परिजनों के अनुसार पारिवारिक कलह से परेशान होकर विवाहिता ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरी ओर मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा आवेदन देने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। बताया जाता हैं कि मृतिका को दो पुत्र आठ वर्षीय दिव्यांशु कुमार एवं छः वर्षीय आर्यन कुमार है घटना के बाद बच्चों सहित पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल है
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट