समस्तीपुर :शराब मामले में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर पथराव, ASI समेत 3 पुलिसकर्मी और आरोपी के परिजन घायल

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को अमलीजामा पहनाने में जुटी पुलिस टीम पर एक बार फिर शराब माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया है। ताजा मामला समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिष्णुपुर डीहा गांव का है। जहाँ फरार चल रहे एक बड़े शराब कारोबारी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिजनों ने मिलकर अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में एक एएसआई (ASI) समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, पुलिसिया कार्रवाई और अफरा-तफरी के बीच आरोपी के पिता और भाई को भी चोटें आई हैं।

​मिली जानकारी के अनुसार, बिष्णुपुर डीहा गांव निवासी सत्यम कुमार सिंह सिंघीया थाना कांड संख्या 248/25 (ट्रक शराब बरामदगी मामला) में मुख्य अभियुक्त है। वह काफी समय से इस मामले में फरार चल रहा था।

समस्तीपुर :शराब मामले में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर पथराव, ASI समेत 3 पुलिसकर्मी और आरोपी के परिजन घायल 2​गुरूवार को पुलिस की टीम गुप्त सूचना के आधार पर अभियुक्त सत्यम सिंह को गिरफ्तार करने उसके ठिकाने पर पहुंची थी। पुलिस को देखते ही आरोपी और उसके परिवार के लोग उग्र हो गए। गिरफ्तारी का विरोध करते हुए आरोपी के परिजनों ने घर की छत से पुलिस टीम पर अंधाधुंध ईंट और रोड़े बरसाना शुरू कर दिया।

​अचानक हुए इस रोड़ेबाजी से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख और आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम को भी हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही सिंघिया थाना समेत भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर रवाना किया गया। फिलहाल पूरे गांव में भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले शराब माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में परिजनों पर भी मामला दर्ज किया जा रहा है। वहीं, मुख्य आरोपी सत्यम सिंह और हमले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Share This Article