डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लोको पायलट हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए घटना को अंजाम देने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।इस संदर्भ में सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडे ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने रिश्तेदार ने ही की थी।

उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को मोरवा पंचायत स्थित दरजिनिया पुल पेट्रोल पंप के पास ड्यूटी से लौट रहे लोको पायलट प्रमोद कॉपर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उनकी पत्नी गीतांजली कुमारी के आवेदन पर ताजपुर थाना में नौ लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक के भाई मंजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि जमीन विवाद और आपसी ईर्ष्या के कारण उसने हत्या की। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयोग किए गए एक देशी पिस्टल, 10 कारतूस, दो मैगजीन और एक कार बरामद की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट