डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा रविवार को घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सोमवार को भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित बनवारीपुर हाई स्कूल में भव्य समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

विद्यालय की मेधावी छात्रा नाहिदा सुल्ताना ने 489 अंक प्राप्त कर पूरे सूबे में दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। वहीं प्रेरणा कुमारी ने 486 अंक लाकर राज्य में पांचवां तथा अभिषेक कुमार ने 484 अंक के साथ सातवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सम्मान समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्चना सिंह ने इन सफल छात्रों को मेडल, कलम एवं डायरी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। विद्यालय परिवार को इनकी उपलब्धि पर गर्व है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावकों और शिक्षकों के निरंतर प्रयास का भी परिणाम है। ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों से आने वाले समय में समाज और देश को नई दिशा मिलेगी।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधान लिपिक राम सुदिन महतो सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह में नीतू कुमारी, काजल कुमारी, धर्मदेव पासवान, अशोक कुमार, सुकेश कुमार, टुनटुन पासवान, राजीव राम, रामप्रवेश कुमार, मुकेश पासवान सहित कई शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया तथा आगे भी कड़ी मेहनत कर नई ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लिया।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट