डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर। लोजपा नेता व सिने व्यवसाई अंटू इस्सर पर हुई फायरिंग मामले में नगर थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली और इस मामले के नामजद अभियुक्त एहतराम खान उर्फ लक्की खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नगर थाना की पुलिस ने लक्की खान को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।बता दें कि विगत महीने लोजपा (आर) नेता अंटू ईस्सर पर हथियारो से लैस बदमाशों ने बहादुरपुर स्थित आवास के समीप ताबड़तोड़ फायरिंग की थी हालांकि इस हमले में वो बाल बाल बच गए थे लेकिन उनका ड्राइवर घायल हो गया था।
बाद में इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी जिसमें अन्य लोगों के अलावा लक्की खान को भी आरोपित किया गया था। लक्की खान की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।इधर इस मामले को लेकर एएसपी संजय पांडे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विगत दिनों अंटू इस्सर को जान से मारने की नियत से अपराधियों द्वारा गोलियां चलाई गई थी जिसमें अंटू इस्सर तो बाल बाल बच गए लेकिन उनका ड्राइवर शुभम सिंह घायल हो गए थे।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया । एएसपी ने बताया कि इस मामले में एसपी के आदेश पर एक एसआईटी गठित की गई थी। टीम ने कांड के एकत्रित की गई जानकारी के बाद लक्की खान को गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट