समस्तीपुर का लाल बना बिहार टॉपर: इंटर साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक लाकर राज्य में फहराया परचम

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय प्रखंड के मुख्तियारपुर सलखनन्नी गांव के मेधावी छात्र आदित्य प्रकाश अमन ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटरमीडिएट साइंस परीक्षा में 481 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। आदित्य शिक्षक हरेंद्र कुमार और गृहणी रिंकू कुमारी के पुत्र हैं।

- Sponsored Ads-

सामान्य आर्थिक स्थिति के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और माता राधा रानी के आशीर्वाद को दिया है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई पहली से पांचवीं कक्षा तक रामचन्द्रपुर स्थित एक सरकारी विद्यालय से की। उस दौरान वे अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करते थे। वर्ष 2019 में उन्होंने छठीं कक्षा के लिए सिमुरतल्ला आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर वहां नामांकन कराया। इसके बाद दसवीं की परीक्षा में भी 476 अंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

समस्तीपुर का लाल बना बिहार टॉपर: इंटर साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक लाकर राज्य में फहराया परचम 2

इंटर की तैयारी के दौरान आदित्य अपनी मां के साथ दलसिंहसराय के माल गोदाम रोड स्थित एक किराए के छोटे से कमरे में रहकर स्वाध्याय करते थे। उनकी बहन भी सिमुरतल्ला आवासीय विद्यालय में पढ़ाई कर रही है। आदित्य ने बताया कि उन्हें बायोलाॅजी विषय से विशेष लगाव है और उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि पर मां रिंकू देवी ने खुशी जताते हुए कहा कि उनका बेटा शुरू से ही मेहनती रहा है और उसकी सफलता परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है। वहीं स्कूल के प्रधानाध्यापक नीरज कुमार ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद आदित्य ने कभी हिम्मत नहीं हारी, अन्य शिक्षकों ने भी आदित्य को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

समस्तीपुर का लाल बना बिहार टॉपर: इंटर साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक लाकर राज्य में फहराया परचम 3स्थानीय लोगों ने भी इस सफलता को लेकर गर्व जताया है। गौरतलब है कि बिहार बोर्ड की इस परीक्षा में इस वर्ष 13 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। ऐसे में साइंस संकाय में आदित्य का राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना खास उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है।

Share This Article