डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय):मनरेगा भवन में आगामी रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा एवं ईद पर्व को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने की। इस दौरान प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने मिलकर त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मवीर कुमार प्रभाकर, सर्किल इंस्पेक्टर जयप्रकाश यादव, एएसआई अभिषेक रंजन, पूर्व जिला पार्षद रामस्वरूप शाह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष यशवंत चौधरी, कांग्रेस नेता इंद्रदेव राय, सरपंच खुर्शीद आलम, पंचायत समिति सदस्य आनंद कांत चौरसिया तथा सामाजिक कार्यकर्ता विंध्याचल राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे
बैठक के दौरान सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया। थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मवीर कुमार प्रभाकर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं और सामाजिक एकता की मिसाल पेश करें। वहीं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अंत में यह निर्णय लिया गया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट