डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिहार गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय में होमगार्ड बहाली की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। धरना में कुल 419 अभ्यर्थी शामिल हैं और बहाली प्रक्रिया पूरी नहीं होने से उनमें गहरा रोष देखा जा रहा है।धरना पर बैठे अभ्यर्थियों ने आज बिहार सरकार के गन्ना मंत्री संजय पासवान को घेर लिया और अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं।

अभ्यर्थियों की व्यथा सुनने के बाद मंत्री ने मौके पर ही बेगूसराय के जिलाधिकारी को मोबाइल से फोन लगाया, लेकिन कथित तौर पर फोन रिसीव नहीं होने पर वे नाराज हो गए। मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक मंत्री का भी फोन जिला अधिकारी द्वारा नहीं उठाया जाता।धरना स्थल से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभ्यर्थी मंत्री को घेरकर अपनी मांगों को रखते नजर आ रहे हैं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे चार दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने वार्ता की पहल नहीं की है।
उनका स्पष्ट कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आगामी रविवार से सभी अभ्यर्थी हड़ताली चौक पर भूख हड़ताल शुरू करेंगे।महिला अभ्यर्थियों ने भी अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि बहाली नहीं होने के कारण उन्हें परिवार और समाज के ताने सुनने पड़ रहे हैं। कई अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं और कुछ ने वर्दी सिलवाने के लिए कर्ज तक लिया है। नियुक्ति नहीं होने से वे मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने साफ कहा है कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद हैं और स्थिति पर सबकी नजर बनी हुई है।
डीएनबी भारत डेस्क