योग सत्र के बाद नाश्ता करते समय शिक्षक को आई तेज हिचकी और निकल गए प्राण, विभूतिपुर के रहने वाले थे विनोद मिश्र
डीएनबी भारत डेस्क

समस्तीपुर:पटोरी स्थित गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेंनिंग कॉलेज में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक विशिष्ट शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शिक्षक की पहचान विभूतिपुर प्रखंड के सुरौली निवासी विनोद कुमार मिश्र के रूप में की गई है।
वे प्राथमिक कन्या विद्यालय सुरौली, विभूतिपुर में विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। शिक्षक की मौत के बाद पूरे कॉलेज परिसर में मातम पसर गया।कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि विभाग के निर्देश पर विशिष्ट शिक्षक विनोद कुमार मिश्र को गवर्नमेंट टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, शाहपुर पटोरी में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था।
सोमवार से इस नए बैच का प्रशिक्षण शुरू हुआ। सुबह वे स्नान – ध्यान के बाद योग सत्र में शामिल हुए। साथ में प्रशिक्षण लेने आए शिक्षकों के अनुसार सुबह नाश्ता करने के वक्त उन्हें तेज हिचकी आयी और उनकी हालत खराब हो गई। अन्य साथियों ने तुरंत उन्हें उसी परिसर में अवस्थित अनुमंडलीय अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज के सभी शिक्षक कर्मी एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 200 शिक्षक तुरंत अस्पताल पहुंच गए। घटना की सूचना पर पहुंची पटोरी पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट