डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के जोकिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 5 स्थित खखना टोला में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में चोरी की घटना को दिया अंजाम । इस घटना में नकदी समेत लाखों के जेवरात और बर्तन चोरी कर लिए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सत्यनारायण ताँती उर्फ सत्तो ताँती (50 वर्ष), पिता लड्डू ताँती, सुबह करीब पांच बजे जब गाय को चारा देने के लिए उठे तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने देखा कि बक्से और अलमारी का ताला टूटा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि घर में रखी एक भरी सोने की चेन, अठन्नी भर की बाली, करीब बारह भरी का पायल, 30 हजार रुपये नकद तथा कई बर्तन गायब हैं।
बताया जाता है कि घर में केवल सत्यनारायण ताँती और उनकी पत्नी गंगो देवी (45 वर्ष) ही रहते हैं। दोनों कृषि कार्य कर जीवनयापन करते हैं। चोरी की घटना के बाद परिवार में दहशत और सदमे का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थाना अध्यक्ष सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट