मगरदही पुल पर 5 घंटे तक ‘चक्का जाम’, इंटर के परीक्षार्थियों पर टूटा मुसीबत का पहाड़
डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:मगरदही बूढ़ी गंडक पुल और ओवरब्रिज पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक साथ दो ट्रक खराब हो गए। सुबह के समय पुल पर ट्रकों के रुकते ही दोनों ओर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इसका सबसे अधिक असर इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ा। जाम की वजह से कई परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की चिंता में पैदल ही पुल पार कर जाते नजर आए।

पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी करीब पांच घंटे तक पुल और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जाम का असर शहर के गली-मोहल्लों तक फैल गया।
कार और बाइक चालकों की भीड़ से स्थिति और बिगड़ गई, जिससे यातायात पुलिस को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जाम के दौरान सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। यातायात थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि खराब ट्रकों को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई। क्रेन की मदद से ट्रक को पुल से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल करने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को काफी परेशानी हुई है।
हालांकि ट्रक हटने के बाद भी आवागमन पूरी तरह सुगम नहीं हो सका। कार और बाइक की अधिक संख्या के कारण जाम से राहत मिलने में अभी समय लग सकता है। जानकारी के अनुसार, इस जाम की वजह से कई छात्र-छात्राओं की परीक्षा भी प्रभावित हुई है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट