अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं और डॉक्टरों की लापरवाही पर जताई नाराजगी।
डीएनबी भारत डेस्क

बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉक्टर सुनील कुमार ने रविवार को बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं और डॉक्टरों की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई।
मंत्री डॉक्टर सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायतें मिली थीं कि अस्पताल के कई डॉक्टर मरीजों को इलाज के लिए अपने निजी क्लिनिक में भेजते हैं। इतना ही नहीं, रात में जब मरीज अस्पताल आते हैं तो ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों से मिलने नहीं दिया जाता। गार्ड मरीजों को डॉक्टर तक पहुंचने नहीं देते। इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सामने आया है।
मंत्री ने तत्काल अस्पताल के उपाधीक्षक से डॉक्टरों की सूची मांगी और स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी पर रहने वाले डॉक्टरों के नाम अस्पताल में स्पष्ट रूप से डिस्प्ले किए जाएं, ताकि मरीजों को जानकारी मिल सके कि किस डॉक्टर की ड्यूटी है।डॉक्टर सुनील कुमार ने सख्त लहजे में कहा, “जो डॉक्टर ड्यूटी नहीं करना चाहते, वे तुरंत अपना इस्तीफा दें।”
उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।मंत्री के इस औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे अस्पताल की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा और आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
डीएनबी भारत डेस्क