मामूली विवाद में तलवारबाजी, गोलीबारी में दो जख्मी…

DNB Bharat Desk

नालंदा – राजगीर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच गोलीबारी और तलवारबाजी हो गई। गोलीबारी में पिता पुत्र गोली लगने से जख्मी हो गए जबकि, एक युवक तलवारबाजी में घायल हो गया। इसके अलावा, मारपीट में दूसरे पक्ष से तीन अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। घटना में गाजीपुर गांव के निवासी पिता-पुत्र सिया शरण यादव और नीतीश कुमार को गोली लगी है, जबकि सिटू कुमार तलवारबाजी में घायल हो गए।

दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र महतो और रीता देवी भी मारपीट के दौरान चोटिल हुए हैं। डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विवाद गैर-मजरुआ भूमि पर थ्रेसर लगाने को लेकर शुरू हुआ था। सुनील महतो और नीतीश कुमार के बीच इस भूमि को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट, तलवारबाजी और फिर गोलीबारी शुरू हो गई। राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि यह गोलीबारी गैर-मजरुआ भूमि पर थ्रेसर लगाने को लेकर हुए विवाद का नतीजा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article