राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई

डीएनबी भारत डेस्क 

सोमवार को कांग्रेस भवन तेघड़ा में प्रखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के दो महान सपूतों सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी तथा त्याग, सादगी और ईमानदारी की प्रतिमूर्ति पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री का जन्मदिन हर्षोल्लास पूर्वक मनाया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों की तस्वीर पर फूल माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष महेन्द्र कुमार एवं संचालन पूर्व जिला महासचिव राजीव रंजन सिंह ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम की शुरुआत गाँधी जी के सर्वधर्म प्रार्थना रघुपति राघव राजा राम से की गई। अपने संबोधन में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री का देश के लिये त्याग, बलिदान एवं अमूल्य योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांधी के सत्य और अहिंसा तथा सर्वधर्म समभाव के मार्ग को अपनाकर ही राष्ट्र का कल्याण सम्भव हो सकता है।

वक्ताओं ने गांधी के ‘रामराज्य’ की संकल्पना के साथ देश और समाज के विकास में निरंतर अग्रसर रहने हेतु संकल्पित होने की अपील की। पूर्व प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान सामाजिक राजनीतिक परिस्थितियों में गांधी जी के विचार अति प्रासंगिक हैं। गांधी के आदर्शों और विचारों को अपनाने से विश्व में शान्ति और सद्भाव स्थापित होगा। राजीव रंजन सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी और लाल बहादुर शास्त्री की सुचिता, सादगी व कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श को आत्मसात करना ही इन दोनों महापुरूषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राजेश कुमार श्रवण ने कहा कि महात्‍मा गांधी व लालबहादुर शास्‍त्री- दोनों की जयंती एक ही दिन होती है। हमारे लिए बहुत ही गर्व कि बात है कि आज के दिन देश ने एक नहीं दो दो महापुरुषों को पैदा किया। दोनों सादगी से जीते थे और दोनों स्‍वयं के प्रति ईमानदार थे। रवि रंजन सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा और त्याग की प्रतिमूर्ति थे। जिनके सिद्धांत एवं जीवन दर्शन वर्तमान परिदृश्य में और भी प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री विनम्रता, सादगी, सत्यता, ईमानदारी और कर्मठताके प्रतीक थे। सरोज कुमार पासवान ने गाँधी एवं शास्त्री के साथ बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष एवं चम्पारण के गांधी के नाम से मशहूर स्वतन्त्रता सेनानी पंडित प्रजापति मिश्र के जयंती पर तीनों महापुरुषों को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया।

जवाहर सिंह, दीपक सिंह, किशोरी सिंह, अताउर रहमान, बमबम कुमार, विभेष सिंह, जिवेश सिंह, रामवाबू साह, मनोज सिंह, उमाशंकर सिंह, राजेन्द्र सिंह,नरेश सिंह, हैदर अली, उदय सिंह, अमरजीत कुुमार,नीरज कुमार, वैजनाथ कुमार सहित अन्य लोगों ने भी दोनों महापुरूषों को श्रद्धासुमन अर्पित किया।

बेगूसराय से शशिभूषण भारद्वाज 

- Sponsored -

- Sponsored -