बेगूसराय के चमथा पहुंचे चिराग पासवान, रेप और हत्या पीड़िता के परिजनों को दिया न्याय का भरोसा

DNB Bharat Desk

 

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के चमथा एक पंचायत के चमथा छोटखूंट गांव में विगत दिनों हुए किशोरी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान चमथा छोटखूंट गांव पहुंचे। लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के चमथा छोटू खुटगांव आगमन होने की सूचना मिलते ही इलाके के बच्चे बूढ़े नौजवान महिला पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने चिराग पासवान से मृतिका बच्ची को न्याय, हत्यारे को फांसी, हत्यारे के घर को ध्वस्त करने की मांग करने लगे।

- Sponsored Ads-

चिराग पासवान ने मौजूद लोगों को नमन करते हुए दिवंगत बच्ची के पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति की जानकारी प्राप्त की और पीड़ित परिवार को उचित न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए सांत्वना दिया। चिराग पासवान ने कहा कि नाबालिग किशोरी की हत्या एक जघन्य अपराध है। यह घटना चमथा बछवारा व बेगूसराय जिला ही नहीं पूरे देश को शर्मसार करने वाली घटना है। घटना में शामिल आरोपियों को स्पीडी ट्रायल के तहत अविलंब फांसी की सजा होनी चाहिए। किशोरी को न्याय दिलाने में हम लोजपा रामविलास के सभी कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ हैं। 

उन्होंने कहा कि इस घटना में आरोपी के साथ साथ रक्षा व्यवस्था में कोताही बरतने वाले प्रशासनिक पदाधिकारियों को भी चिन्हित करने की जरूरत है और वैसे पदाधिकारियों के ऊपर भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आगे आने वाले समय में दूसरी कोई भी किशोरी इस प्रकार के अपराधियों के चंगुल का शिकार नहीं हो सके।

मौके पर लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजु तिवारी, बेगुसराय के पूर्व जिलापरिषद अध्यक्ष वर्तमान पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष इंदिरा कुमारी, प्रधान महासचिव संजय पासवान, संगठन मंत्री रविन्द्र सिंह, सुरेन्द्र विवेक, पूर्व प्रदेश महासचिव बालमुकुंद सिंह, बेगुसराय जिला प्रभारी अभय सिंह, जिला अध्यक्ष प्रेम पासवान, प्रखंड अध्यक्ष संतोष चौधरी, यूवा जिलाध्यक्ष अजय टाईगर समेत दर्जनों की संख्या में लोजपा रामविलास के कार्यकर्ता समेत आमजन मौजूद थे ।

Share This Article