कोरोना को लेकर सीएम ने की समीक्षा बैठक, कहा ‘घबराने की जरूरत नहीं, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें’

DNB Bharat Desk

 

 

डीएनबी भारत डेस्क 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में कोरोना से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने कोरोना की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने कोरोना जॉच और टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के नये वैरिएंट को देखते हुये कोरोना के फिर से बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जो जानकारी दी गयी है उसमें बताया गया कि राज्य में आज की तिथि में कोरोना का एक्टिव केस शून्य है इसलिये घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

- Sponsored Ads-

उन्होंने कहा कि कोरोना के कमजोर होने के दौरान भी हमलोगों ने कभी शिथिलता नहीं बरती। अपने राज्य में लगातार कोरोना जाँच और टीकाकरण कराते रहे हैं। पूरे देश में 10 लाख की आबादी पर 6.59 लाख जॉच किये गये हैं, जबकि बिहार में 8.20 लाख जॉच किये गये हैं। आज पूरे देश में कोरोना की जितनी टेस्टिंग की जाती है, उसमें लगभग आधा टेस्टिंग अकेले बिहार का है। राज्य में टीकाकरण भी तीव्र गति से कराया गया है। अब तक 15 करोड़ 71 लाख टीकाकरण कराया जा चुका है। इससे स्पष्ट है कि कोरोना को लेकर राज्य सरकार शुरू से ही गंभीर और संवेदनशील है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि स्वास्थ्य विभाग कोरोना को लेकर पूरी तरह अलर्ट रहे। बाहर से आने वाले लोगों की रैंडम जॉच कराये। कोरोना जांच की संख्या और बढ़ाने के साथ-साथ टीकाकरण कार्य में भी तेजी लायें। अस्पतालों में दवा के साथ-साथ ऑक्सीजन की उपलब्धता पर्याप्त रखे। ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह फंक्शनल रखे। अस्पतालों में इलाज की पूरी व्यवस्था रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लोग सचेत और सजग रहें।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article