डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड के रहियार उत्तर पंचायत के कोची गांव वार्ड संख्या 11 में अगलगी की घटना में छह घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस घटना में घरों में रखे नकद रुपये, जरूरी दस्तावेज, कागजात, कपड़े, अनाज सहित सभी घरेलू सामान जलकर बर्बाद हो गए। अगलगी के बाद सभी पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि घरों में रखे सामान को बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। घटना में सभी घरों में रखे लाखों मूल्य के संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगो ने बताया कि सभी पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इधर घटना के बाद पीड़ित परिवार अपने जले हुए घर और सामान को देखकर फूट-फूटकर रो रहे थे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
हालांकि आग कैसे लगी, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शिवाजीनगर अंचलाधिकारी अंबापाली यादव को इसकी जानकारी देते हुए सभी पीड़ित परिवारों को सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।घटना की सूचना पर अग्निशमन वाहन को सूचना दिया गया। सूचना मिलते अग्निशमन वाहन के पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट