डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय): बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भगवानपुर थाना पुलिस ने बनबारीपुर से मुख्तियारपुर जाने वाली सड़क पर पावर हाउस के समीप दो वटिया के समीप संध्या गश्ती के दौरान वाहन जांच के क्रम में विदेशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों युवकों के पास से कुल 16.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इसके साथ ही शराब ले जाने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बनवारीपुर मुख्तियारपुर पथ पर पावर हाउस के समीप दो वटिया के समीप संध्या गश्ती के दौरान वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस के जांच के दायरे में आए। जांच करने पर उनके पास से 180 एमएल के 90 टेट्रा पैक ऑफिस चॉइस ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 16.2 लीटर बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव निवासी शिव नंदन चौधरी के पुत्र संजय कुमार तथा वीरपुर थाना क्षेत्र के बखतपुर गांव निवासी अजीत महतो के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल नंबर BR09V-6913 पर सवार थे।
इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि संध्या गश्ती के दौरान वाहन जांच में दोनों युवकों को विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया है। दोनों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब के अवैध परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट