गुड टच-बैड टच, महिला हेल्पलाइन और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय): थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय मेहदौली में गुरुवार को पुलिस दीदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस दीदी अपर्णा भारती ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति का मजबूती से सामना करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान अपर्णा भारती ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच का अंतर सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या असहज करने वाले स्पर्श को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षकों या नजदीकी पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति से साझा करने की सलाह दी।
पुलिस दीदी ने छात्राओं को बिहार पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि छात्राएं अनजान लोगों से ऑनलाइन दोस्ती करने से बचें। अपनी निजी तस्वीरें, पासवर्ड और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां किसी के साथ साझा न करें। इंटरनेट पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन उत्पीड़न का सामना करने पर अभिभावकों और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने कहा कि पुलिस दीदी से सीधे बातचीत करने से पुलिस के प्रति उनका डर कम हुआ है। साथ ही उनमें आत्मबल और आत्मविश्वास बढ़ा है। कार्यक्रम ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट