संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल, बछवाड़ा में निकाला आक्रोश मार्च
डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को महागठबंधन के घटक दलों ने एकजुट होकर केंद्र की जनविरोधी नीतियों और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संयुक्त पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बछवाड़ा बाजार स्थित आर्मी हेल्थ क्लब परिसर से हुई। जहां राजद, कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी समेत अन्य सहयोगी दलों के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर केंद्र सरकार विरोधी नारों के साथ आक्रोश मार्च निकाला। यह जुलूस बछवाड़ा बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचा, जहां एक सभा आयोजित की गई और जमकर नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज में हस्तक्षेप कर लोकतंत्र की मूल भावना को कमजोर कर रही है।
नेताओं ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव प्रणाली और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए विपक्षी दल सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेंगे। जुलुस में राजद के जिला प्रवक्ता श्याम प्रसाद दास ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जनसरोकार के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जांच एजेंसियों और संवैधानिक मंचों का राजनीतिक उपयोग कर रही है, जिसे देश की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सुदर्शन कुमार शर्मा ने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है।
भाकपा नेत्री सरीता राय ने भी एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जनता के अधिकारों के हनन और लोकतंत्र पर बढ़ते हमलों के खिलाफ महागठबंधन का आंदोलन आगे और धारदार होगा। प्रदर्शन में राजद प्रखंड अध्यक्ष सुनील यादव, जिला सचिव अरुण यादव, वरिष्ठ नेता मनोज प्रशांत, बलराम निशान,रामानंद यादव,सीपीएम नेता अवध किशोर चौधरी, उमेश कुंवर कवि,विजय राय, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय चौधरी, पूर्व मुखिया सीताराम यादव, सुरेश राय, राजाराम चौरसिया, सुरजीत चौधरी, नरेश चौधरी, रणधीर ईश्वर, बीरबल राम समेत महागठबंधन के दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता शामिल थे।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट