डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय):थाना क्षेत्र के भरडीहा गांव निवासी 18 वर्षीय साजन कुमार उर्फ गोलू हत्याकांड में भगवानपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के एक प्राथमिक आरोपी को लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटी बगरस निवासी हरेराम सहनी के पुत्र गौरव कुमार उर्फ गोरखा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह इस हत्याकांड में नामजद/प्राथमिक आरोपियों में शामिल है।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि साजन कुमार हत्याकांड से संबंधित भगवानपुर थाना कांड संख्या 261/26 में पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर गौरव कुमार उर्फ गोरखा को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि भरडीहा गांव निवासी साजन कुमार का शव बघैला बहियार में जगदीशपुर जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ी से बरामद किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट