दोषियों पर होगी कार्रवाई, नूरसराय के परासी मध्य विद्यालय की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के नूरसराय प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय परासी में मंगलवार को मिड डे मील का भोजन खाने के बाद करीब 34 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों की तबीयत बिगड़ते ही स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। सभी बच्चों को अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मिड डे मील परोसने के दौरान आखिर चूक कहां हुई, इसकी पूरी जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों को संदिग्ध और खराब भोजन परोसे जाने की बात सामने आ रही है, जिसमें प्रथम दृष्टया लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि समय रहते घटना की जानकारी मिल जाने के कारण बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे एक बड़ी घटना होते-होते टल गई।
डीएनबी भारत डेस्क