डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवती की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घंटों तक अस्पताल परिसर में हंगामा होता रहा। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। यह पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र स्थित बेगूसराय सदर अस्पताल का है।

बताया जा रहा है कि गाड़ा गांव निवासी शंकर दास की पुत्री रवीना कुमारी को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ और पेट में सूजन की शिकायत के बाद परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।परिजनों के मुताबिक, रवीना को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने डॉक्टरों से लगातार बेहतर इलाज की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।
देखते ही देखते रवीना की मौत हो गई।युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया और अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टर और संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों का सही तरीके से इलाज नहीं किया जाता है।परिजनों ने सदर अस्पताल की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल सकता तो ऐसे अस्पताल का क्या फायदा।

हालांकि, इलाज में लापरवाही के आरोपों पर अस्पताल प्रशासन की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।
डीएनबी भारत डेस्क