“ईंट का जवाब पत्थर से देंगे”: बीहट में सड़क हादसों को लेकर भड़का ABVP का गुस्सा
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के बीहट में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिहट नगर इकाई ने एनएच पर बीहट से जीरोमाइल खंड के बीच आए दिन हो रही जानलेवा दुर्घटनाओं को लेकर मंगलवार को एनएचएआई प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा और प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उड़ती धूल और बिखरी हुई छाई के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के साथ-साथ भारी वाहनों की बेतहाशा रफ्तार पर गहरा रोष प्रकट किया।

ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने स्पीडिंग बोर्ड लगाने, ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम दुरुस्त करने, बफर शोकर और स्मॉल स्पीड ब्रेकर बनाने जैसी अहम मांगें रखीं ताकि आम जनता की जान सुरक्षित की जा सके। मौके पर मौजूद नगर मंत्री हिमांशु कुमार ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बीहट से जीरोमाइल के बीच यह जानलेवा दुर्घटनाएं पिछले दो-तीन महीनों से लगातार हो रही हैं और इस संबंध में पूर्व में भी ज्ञापन दिया गया था लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस उपाय नहीं किया। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि हमारे लोगों की जान इतनी सस्ती नहीं है कि उन्हें जानवरों की तरह रौंदा जाता रहे और बड़े पदाधिकारी कान में तेल डालकर सोए रहें।
हिमांशु ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थी परिषद अब ईंट का जवाब पत्थर से देने को तैयार है और अगर इस बार भी कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया तो परिषद सड़क से लेकर संसद तक जाने का दम रखती है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि प्रशासन हमारी धैर्य की परीक्षा न ले क्योंकि अब हम ईंट से ईंट बजाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ज्ञापन सौंपने के बाद एनएचएआई प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जल्द ही भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण हेतु उचित व्यवस्था की जाएगी और सड़क सुरक्षा के मानकों को पूरा किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व नगर मंत्री हिमांशु कुमार ने किया ।जिसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय कला मंच संयोजक सुरजीत आनंद, अभिषेक कुमार पाठक, शिवम कुमार, सुधांशु कुमार, आदित्य कुमार, गौतम कुमार, अंकित कुमार, विशाल कुमार, कन्हैया, रवि शंकर सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट