महेशपुर में उच्च माध्यमिक विद्यालय निर्माण को मिली नई दिशा, समाजसेवी राजेश कुमार राय ने 19 कट्ठा 1 धुर भूमि की दान

DNB Bharat Desk

भगवानपुर (बेगूसराय)। प्रखंड क्षेत्र के महेशपुर में उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। जिला समाहर्ता के निर्देशानुसार राजपाल के नाम से प्रस्तावित उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपुर के निर्माण के लिए समाजसेवी राजेश कुमार राय ने अपनी 19 कट्ठा 1 धुर भूमि दान स्वरूप प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित अक्षय मिश्रा को सौंप दी। इस सराहनीय पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

- Sponsored Ads-

भूमि दान के अवसर पर समाजसेवी राजेश कुमार राय ने कहा कि शिक्षा से बढ़कर कोई दान नहीं होता। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक “दातव्यमिति यद्दानं दीयतेऽनुपकारिणे…” का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना किसी स्वार्थ एवं प्रतिफल की अपेक्षा के योग्य उद्देश्य के लिए किया गया दान ही सात्त्विक दान कहलाता है। उन्होंने कहा कि इस भूमि दान से समाज का कल्याण होगा तथा क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट योगदान की भावना से उन्होंने यह भूमि दान की है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित अक्षय मिश्रा ने समाजसेवी राजेश कुमार राय के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे राज्य के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और आने वाली पीढ़ियां इस योगदान को सदैव याद रखेंगी।

महेशपुर में उच्च माध्यमिक विद्यालय निर्माण को मिली नई दिशा, समाजसेवी राजेश कुमार राय ने 19 कट्ठा 1 धुर भूमि की दान 2इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि मुकेश मास्टर, शिवदत्त पंडित, विश्व सूत्री अध्यक्ष हेमंत चौधरी, वेदाचार्य चंदन कुमार तिवारी, संजीव कुमार सिन्हा, अमितेश कुमार तथा गोपाल यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार की ओर से अंचलाधिकारी रानू कुमार, भूमि उपसमाहर्ता मनकेश कुमार, तेघड़ा अनुमंडल के पूर्व एसडीएम राकेश कुमार, एडीएम ब्रिज किशोर चौधरी एवं जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के प्रति विद्यालय निर्माण प्रक्रिया में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक संजीव कुमार सिंह एवं चंदन कुमार तिवारी ने भूमि दाता राजेश कुमार राय तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित अक्षय मिश्रा को पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।

भूमि दान की इस ऐतिहासिक पहल से महेशपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च माध्यमिक स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलने की उम्मीद और भी मजबूत हो गई है।

Share This Article