सोहसराय थाना क्षेत्र के अड्डापर की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा के बिहारशरीफ में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहसराय अड्डापर स्थित पंचाने नदी पर बने पुल के नीचे सोमवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान निरंजन चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक नशे की हालत में पुल से गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सुबह पुल के नीचे शव पड़े होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।मृतक की पत्नी ने बताया कि रविवार देर रात निरंजन चौधरी काम खत्म कर घर आया था। कुछ सामान रखने के बाद वह यह कहकर घर से निकला कि थोड़ी देर में लौट आएगा।

रात भर उसके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, यहां तक कि पंचाने नदी पुल के नीचे भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह उसी स्थान पर शव मिलने से परिजनों को हत्या की आशंका है। उनका कहना है कि मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान हैं और किसी ने चाकू मारकर हत्या कर शव पुल के नीचे फेंक दिया है।घटनास्थल एक चाकू भी बरामद किया गया है।
इधर, पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका से इनकार किया है। सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि निरंजन चौधरी नशे का आदी था। देर रात वह नशे की हालत में पुल पर बैठा हुआ था और संतुलन बिगड़ने के कारण पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की जांच कर रही है।
डीएनबी भारत डेस्क