डीएनबी भारत डेस्क
बिहार सरकार की नई पहल के तहत प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले ‘पंचायत विकास दिवस’ के अवसर पर तेघड़ा अनुमंडल अंतर्गत तेघड़ा प्रखंड के ग्राम पंचायत राज गौरव पंचायत भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता के साथ पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण विकास को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा श्री राकेश कुमार ने कहा कि “पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को सशक्त, जवाबदेह एवं आत्मनिर्भर स्थानीय स्वशासन की इकाई के रूप में विकसित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम सभा को सक्रिय बनाना, पंचायतों में संचालित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना, नई विकास योजनाओं पर चर्चा करना, जनसमस्याओं का समाधान, सामाजिक अंकेक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास जैसे विषयों पर जनभागीदारी सुनिश्चित की जाती है। पंचायतों की सक्रियता और जनता की सहभागिता से ही ग्रामीण विकास को नई दिशा एवं गति मिल सकती है।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों से समन्वय स्थापित करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति वो प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर बल दिया।प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संगीता कुमारी ने पंचायत विकास दिवस के उद्देश्यों, ग्राम सभा की महत्ता तथा पंचायतों की भूमिका प्रकाश डालते हुए पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों से पंचायतों के समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी पंचायत सचिव, पंचायत प्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
डीएनबी भारत डेस्क