पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता बोले- इसने भगवानपुर नहीं, पूरे बेगूसराय का नाम रोशन किया
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय):-चंदौर पंचायत के मधैपुरा गांव के होनहार निशानेबाज कवि राज को बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर मंगलवार को भव्य सम्मान दिया गया। चंदौर गांव में आयोजित सम्मान समारोह में सैकड़ों लोग जुटे और खेलेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया के नारों से माहौल गूंज उठा।35वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में कवि राज ने 50 मीटर प्रोन राइफल शूटिंग पीप साइट ग्रुप इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

उन्होंने जूनियर और सीनियर दोनों वर्ग में प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर जिले का गौरव बढ़ाया है।समारोह में पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक सुरेंद्र मेहता ने कवि राज को माला पहनाकर और चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमें कविराज पर गर्व है। इन्होंने सिर्फ भगवानपुर ही नहीं, पूरे बेगूसराय जिले को गौरवान्वित किया है। मेरा आशीर्वाद और सहयोग हमेशा इनके साथ रहेगा।कवि राज के पिता व भाजपा नेता बलराम प्रसाद सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह सफलता मेरे पूरे गांव की है। पहले कहा जाता था खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब, अब कहा जाता है खेलोगे कूदोगे बनोगे नवाब। मेरे प्रेरणा से ही कविराज ने स्वर्ण जीतकर मेरा अपना व पुरे गांव का सपना साकार किया है।
गांव के लोगों का खुशी का ठिकाना नहीं है।जदयू महिला सेल की जिला अध्यक्ष लक्ष्मी देवी और स्थानीय मुखिया अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कवि राज को माला,चादर, मेंडल, शील्ड देकर सम्मानित करते हुए कहा कि कविराज चंदौर का सपूत है। इसने स्वर्ण जीतकर हमारे गांव का नाम रोशन किया है। पूरी पंचायत आज गर्व महसूस कर रही है। आगे भी शुभकामनाएं हैं।
कार्यक्रम में कवि राज को माला, चादर, शील्ड, डायरी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बीससूत्री अध्यक्ष हेमंत चौधरी, वार्ड सदस्य सुशील कुमार राय, भाजपा नेता अतुल राणा, उमाशंकर पोद्दार, नरेश चौरसिया, विनोद तांती सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। तथा सबों ने बारी बारी से उन्हें सम्मानित किया तथा शुभकामनाएं दी।वक्ताओं ने कहा कि कवि राज की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को खेलों की तरफ बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। सभी ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट