विभूतिपुर में बेकाबू CNG ऑटो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
डीएनबी भारत डेस्क

इस वक़्त की बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है जहाँ विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खदियाही और खोकसाहा चौक के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा के पंचायत अध्यक्ष सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी एवं सीएनजी ऑटो चालक शामिल हैं।
हादसे के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार विभूतिपुर वार्ड संख्या-05 निवासी राम कुमार महतो अपनी पत्नी के साथ बाइक से मवेशियों के लिए चारा काटने जा रहे थे। इसी दौरान खदियाही और खोकसाहा चौक के बीच तीन बटिया के पास तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित सीएनजी ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पति-पत्नी तथा सीएनजी ऑटो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक राम कुमार महतो खेती-बाड़ी से जुड़े हुए थे तथा भाजपा के पंचायत अध्यक्ष के पद पर भी कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों और समर्थकों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर विभूतिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट