बेगूसराय: बेगूसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निलंबित राजस्व कर्मचारी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला है। मृतका के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना लोहियानगर थाना क्षेत्र के बाघा मोहल्ले की है, जहां ज्योति कुमारी नामक विवाहिता का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे एक निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान बाघा मोहल्ला निवासी रवि राज की पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता विपिन कुमार दास, जो बीहट सुदी स्थान के रहने वाले हैं, ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि दामाद रवि राज बखरी में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत था, लेकिन फिलहाल निलंबित चल रहा था। निलंबन के बाद से परिवार आर्थिक संकट और तनाव से गुजर रहा था।परिजनों के अनुसार, ज्योति के सोने के जेवर को पांच हजार रुपये के बदले गिरवी रखा गया था।

आरोप है कि पति के भाई ने उसी जेवर पर बिना जानकारी के अतिरिक्त 25 हजार रुपये का कर्ज ले लिया। जब ज्योति को इस बात की जानकारी हुई और उसने विरोध किया तो घर में विवाद शुरू हो गया। मृतका के पिता का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई और लगातार प्रताड़ित किया जाता था।मृतका के पिता ने यह भी दावा किया कि घटना से कुछ घंटे पहले ज्योति ने अपनी मां को फोन कर पूरी जानकारी दी थी और उसे अपने साथ ले जाने की गुहार लगाई थी। परिजनों का कहना है कि जब तक वे पहुंचते, तब तक उसकी मौत की खबर मिल चुकी थी। परिवार ने आरोप लगाया है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि ज्योति की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।फिलहाल ज्योति कुमारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह आत्महत्या है या फिर हत्या, इसका जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। लेकिन एक बेटी की मौत से उसके मायके में मातम पसरा है और परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं।