डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: नगर निगम समस्तीपुर के वार्ड संख्या-15 के पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति सदस्य विकास कुमार ने महापौर को आवेदन देकर सशक्त स्थायी समिति की आपात बैठक शीघ्र बुलाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से समिति की बैठक आयोजित नहीं किए जाने के कारण नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रशासनिक निर्णयों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विकास कुमार ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि बिहार नगर पालिका अधिनियम के तहत समय-समय पर सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित किया जाना आवश्यक है। बैठक नहीं होने से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित पड़े हैं, जिससे नगर निगम के कार्य संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है और आम नागरिकों से जुड़े विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने महापौर से आग्रह किया है कि नगर निगम के सुचारू संचालन, जनहित के कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों के निष्पादन के लिए जल्द से जल्द सशक्त स्थायी समिति की आपात बैठक बुलाई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि समिति की नियमित बैठकें होने से विकास योजनाओं की समीक्षा और नई योजनाओं पर निर्णय लेना आसान होगा। इस मांग को लेकर नगर निगम के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें महापौर के अगले कदम और बैठक बुलाने के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट