डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के हसनपुर प्रखंड स्थित प्राथमिक कन्या विद्यालय मालदह के शिक्षक बैजनाथ रजक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे बच्चों को गीत के माध्यम से लू से बचाव के उपाय सिखाते दिख रहे हैं।गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने से पहले, शिक्षक ने बच्चों को तेज गर्मी और लू से बचने के तरीके बताए।

बैजनाथ रजक अपनी अनोखी शिक्षण शैली के लिए जाने जाते हैं, जहां वे खेल, गीत और कविताओं के जरिए बच्चों को पढ़ाते हैं। इस बार उन्होंने फिल्मी गाने की तर्ज पर “निकलो ना धूप में यूंही तो लू लग जाएगा” गीत गाकर बच्चों को जागरूक किया। उन्होंने वीडियो के माध्यम से ओआरएस (ORS) बनाने की विधि भी सरल तरीके से समझाई।
वायरल वीडियो में शिक्षक बच्चों को लू से बचने के लिए खूब पानी पीने, कड़ी धूप में बाहर न निकलने, चेहरे को ढककर चलने और छाता लेकर निकलने जैसी महत्वपूर्ण सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं।शिक्षक बैजनाथ रजक का यह वीडियो न केवल मनोरंजक है, बल्कि बेहद शिक्षाप्रद भी है। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं और लू का प्रकोप जारी है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट