वीरपुर में डिग्री कॉलेज के भवन निर्माण के लिए ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा आवेदन, दान में मिली 5 बीघा जमीन पर कॉलेज बनाने की मांग

DNB Bharat Desk

वीरपुर,निज संवाददाता। वीरपुर में डिग्री कॉलेज के लिए 5 बीघा जमीन उपलब्ध है। ग्रामीणों ने इसी जमीन पर कॉलेज बनाने की मांग डीएम से की है। इस सम्बन्ध में सैकड़ों लोगों द्वारा हस्ताक्षर किया गया आवेदन जिलाधिकारी को दिया गया है। इसमें कहा गया है कि पूर्व विधायक शिवदानी प्रसाद सिंह व अन्य लोगों द्वारा 5 बीघा 1 कट्ठा जमीन वीरपुर में डिग्री कॉलेज खोलने के लिए कई वर्ष पूर्व दी गई थी।

- Sponsored Ads-

यह जमीन राज्यपाल बिहार सरकार के नाम से निबंधित भी है। अभी तक इस भूमि की सुरक्षा मुख्य भूमिदाता के द्वारा ही किया जा रहा है। अब जबकि सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खुल रहे हैं,इस भूमि का उपयोग किया जा सकता है। यह भूमि वीरपुर पूर्वी पंचायत के लखनपुर मोहल्ले में है,जो प्रखंड मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित है। उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि करीब 2 दशक पूर्व कॉलेज के लिए दान की गई थी। कई बार बिहार सरकार को यहां कॉलेज बनाने के लिए लिखा गया,पर अबतक यहां कॉलेज नहीं बन सका।

वर्तमान में प्रखंड के खरमौली प्लस टू स्कूल में डिग्री कॉलेज संचालन की स्वीकृति मिली है। डिग्री कॉलेज का भवन निर्माण होने तक खरमौली स्कूल में ही कॉलेज का शिक्षण कार्य होगा। ग्रामीणों ने बताया कि कॉलेज के लिए उक्त भूमि पर्याप्त है। भूमिदाता की भी सहमति है। इसलिए यहीं भवन बनाया जाना चाहिए। डीएम को दिए आवेदन में मुखिया पूनम देवी, त्रिपुरारी कुमार,सरपंच दयानन्द झा समेत 167 लोगों के हस्ताक्षर हैं।

Share This Article